मऊरानीपुर। कोतवाली क्षेत्र के पठा गांव में सरकारी देसी शराब के ठेके पर हंगामा हुआ। उधार शराब देने से इन्कार करने पर दबंगों ने सेल्समैन से मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से दुकान के अंदर फायर भी किया।

ग्राम पठा निवासी ऊधम कुशवाहा (19) ने बताया कि गांव में पन्नालाल के नाम से देसी शराब का ठेका है। सोमवार दोपहर करीब 3:25 बजे वह दुकान पर बैठा था, जब दो लोग 120 रुपये के दो क्वार्टर शराब मांगने आए। ऊधम ने पैसे न होने पर उधार देने से मना कर दिया। युवकों ने उसके भाई छत्रपाल से फोन पर बात की, लेकिन उन्होंने भी इन्कार कर दिया। इससे उत्तेजित होकर युवक गाली-गलौज करते हुए चले गए। लगभग 15 मिनट बाद, वे अपने चचेरे भाइयों के साथ लाठी-डंडे और अवैध असलहा लेकर वापस आए। उन्होंने दुकान में घुसकर ऊधम से मारपीट शुरू कर दी और उसे बाहर खींचने का प्रयास किया। ऊधम किसी तरह जान बचाकर दुकान के अंदर भागा और गेट बंद कर लिया।

गुस्से में आए एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। गोली दुकान के लोहे के गेट की जाली से टकराकर अंदर गिरी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना की सूचना मिलते ही देवरी चौकी प्रभारी साजेश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वारदात में इस्तेमाल किया गया कारतूस अपने कब्जे में लिया।

मऊरानीपुर थाना पुलिस ने इस मामले में पठा ढकरवारा निवासी राघवेंद्र सिंह उर्फ गोलू और कौशलेंद्र सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। ये दोनों आरोपी चचेरे भाई हैं। पुलिस क्षेत्र अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं और दबिश दी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *