झांसी। लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में नामजद मॉडल श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार करने के बाद यूपी एसटीएफ की टीम लखनऊ लेकर रवाना हो गई है। बुधवार को नागपुर की अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस टीम श्रद्धा, उसकी बहन और ड्राइवर को सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश ला रही है।
बृहस्पतिवार आधी रात के बाद एसटीएफ की टीम मध्य प्रदेश के रास्ते रक्सा टोल से होते हुए झांसी पहुंचेगी। हाईप्रोफाइल मामला होने के कारण झांसी के करीब सौ किलोमीटर रास्ते तक स्थानीय पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। रक्सा, बड़ागांव, चिरगांव पुलिस को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। श्रद्धा दुबे को उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश के साथ नागपुर में गिरफ्तार किया गया था। तीनों शिवा शर्मा की मौत के मामले में वांछित थे। पुलिस उन्हें लखनऊ ले जाकर मामले में आगे की पूछताछ करेगी। शिवा शर्मा की नौ अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। उनकी मां ने श्रद्धा और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
