– पौधरोपण के बाद जियो टैगिंग में फिसड्डी होने पर प्रभारी डीएम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। विकास भवन में सोमवार को जूम मीटिंग के जरिये प्रभारी जिलाधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने जिला पौधरोपण समिति की बैठक में जियो टैगिंग की समीक्षा की। इसमें फिसड्डी होने पर उप निदेशक कृषि का वेतन रोका गया है। साथ ही लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन और जिला उद्यान अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
जनपद में 1.03 करोड़ से अधिक पौधरोपण करने का लक्ष्य निर्धारित था। 4771 पौधरोपण स्थलों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग की जानी है। जूम मीटिंग के दौरान प्रभारी डीएम बोले कि जिन विभागों ने अब तक लक्ष्य के सापेक्ष पौधरोपण की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग नहीं की है, वह तत्काल कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पौधों का रखरखाव बेहतर हो, ताकि वह जीवित रहें। इस कार्य में हीलाहवाली करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने 28 विभागों के अफसरों को निर्देश दिए कि लक्ष्य के सापेक्ष किया गया पौधरोपण शत-प्रतिशत जीवित रहे, यह भी सुनिश्चित किया जाए। प्रभागीय वनाधिकारी विकास यादव ने बताया कि जनपद में 1,03,79,615 पौधरोपण के लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पौधे रोपे जा चुके हैं। इसमें 11 विभागों ने सौ फीसदी जियो टैगिंग पूर्ण कर ली है।
इस दौरान उपायुक्त मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. अंशुमान तिवारी, डीपीआरओ डॉ. बाल गोविंद श्रीवास्तव, डीआईओएस रती वर्मा, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी इमरान खान मौजूद रहे।
