झांसी। नगर आयुक्त अन्ना सुदन ने मंगलवार को कार्यभार संभालने के अगले दिन महानगर के विभिन्न इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई पार्क और मैथिलीशरण गुप्त पार्क का निरीक्षण कर सुविधाओं में सुधार के सुझाव मांगे। इलाइट चौराहा स्थित तिलक मार्केट में नागरिकों से सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। नागरिकों ने सफाई को सही बताया और कहा कि कूड़ा संग्रहण समय पर हो रहा है। वार्ड में नालियों की सफाई रोस्टर के अनुसार की जा रही है। झोकनबाग मार्ग पर निर्माणाधीन भवनों का सीएंडडी वेस्ट सड़क पर मिला। नगर आयुक्त ने निर्माण सामग्री सीमा के अंदर रखने और हरी नेट से वायु प्रदूषण रोकने की अपील की। इस दौरान पार्षद महेश गौतम, विकास खत्री, लखन कुशवाहा, अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार, सफाई निरीक्षक मनोज श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
