– तीनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
समथर। थाना समथर के मोहल्ला तिवरयाना में एक युवक पर तीन लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों पर प्राथमिक दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला तिवरयाना निवासी कृष्ण कुमार ने समथर थाने में शिकायती पत्र दिया, जिसके जरिये बताया कि बुधवार की शाम उसका पुत्र विशाल चौपड़ बाजार के समीप पुरानी चौकी के पास खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ला हिम्मालन निवासी कलीम, अलीम व नईम वहां पहुंचे और विशाल को गाली देने लगे। मना करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी व चाकू से उसके गले पर हमला कर दिया। चाकू लगने से विशाल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही डाॅयल 112 और समथर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को डाॅयल 112 वाहन से मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर समथर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना की शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
