अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। गुरसराय में बीए की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद मऊरानीपुर स्थित केंद्र में तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। हालांकि, इसमें सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि करने वाले चिकित्सकीय साक्ष्य नहीं मिले। पीड़िता की मौत जहर से हुई। जहरीले अंश की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।

पीएम रिपोर्ट के अनुसार युवती के शरीर पर बाहरी और अंदरूनी चोट के कोई निशान नहीं मिले। गर्भाशय (यूटरस) में भी कोई असामान्यता नहीं पाई गई। पेल्विक बोन में भी चोट नहीं मिली। वाजइना में स्पर्म काउंटर निल पाए गए। इन सभी के आधार पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामूहिक दुष्कर्म की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, अभी फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आना बाकी है।

विधि के जानकारों के मुताबिक, यौन हिंसा से जुड़े मामलों में चिकित्सकीय जांच के दौरान शरीर पर बाहरी और अंदरूनी चोट मिलाकर चिकित्सकीय निष्कर्ष निकाले जाते हैं। मेडिको-लीगल गाइड लाइन के मुताबिक दुष्कर्म मामले में पीएम रिपोर्ट के नकारात्मक परिणाम अकेले निर्णायक नहीं होते। ऐसे में फोरेंसिक रिपोर्ट भी काफी अहम साबित हो सकती है। ऐसे में पुलिस को उसका भी इंतजार है। बता दें, गुरसराय थाना अंतर्गत एक गांव की रहने वाली छात्रा ने मंगलवार सुबह जहर निगलकर जान दे दी थी। परिजनों का कहना था कि छह युवकों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उसका अश्लील वीडियो बना लिया, जिसे वायरल करने की धमकी दे रहे थे। इससे परेशान होकर छात्रा ने जहर निगलकर जान दे दी।

छठा आरोपी भी पकड़ा गया

पीड़िता के सुसाइड करने के बाद गुरसराय थाने में मुख्य आरोपी सुशील समेत छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मंगलवार को ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन टीमें बनाई गई थीं। पुलिस टीम ने आरोपियों के गांव समेत अन्य स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया था। बुधवार को छठा आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस इन सभी से अभी पूछताछ कर रही है।

पुलिस इन सभी आरोपियों की भूमिका भी तलाश रही है। इसके लिए मुख्य आरोपी सुशील समेत सभी छह आरोपियों के मोबाइल सीडीआर एवं लोकेशन भी निकाली गई। लोकेशन की पड़ताल भी पुलिस कर रही है। अब तक की जांच में दो युवकों का नाम सामने आया है। आरोपी सुशील पीड़िता को अपने साथ लेकर गया था। उस समय एक युवक वहां मौजूद था। उसकी भूमिका के बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि युवकों ने अश्लील वीडियो भी बनाया था, वह वीडियो भी पुलिस तलाश रही है।

000

आरोपियों का कराया मेडिकल परीक्षण

हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों का बुधवार को सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। मुख्य आरोपी सुशील समेत सभी के पेनाइल स्वैब भी लिए गए। इनके परीक्षण के लिए ये नमूने एफएसएल भेजे जाएंगे। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल के पास से एक कंडोम भी बरामद हुआ है।

0000

इस मामले के सभी वांछित आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। फोरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।

विकास कुमार, एसएसपी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें