झांसी। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) में डाटा सेंटर और आईटी उद्योग के लिए अलग क्लस्टर विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए 1,000 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। इसमें 810 एकड़ का अधिग्रहण पूरा हो चुका। खास बात यह कि यहां डाटा सेंटर स्थापित होने से रोजगार के भी साधन बढ़ेंगे। बीडा के क्लस्टर आधारित विकास प्लान में डाटा सेंटर, आईटी के साथ केमिकल और डिफेंस सेक्टर भी शामिल है।

बीडा अफसरों के मुताबिक डाटा सेंटर क्लस्टर के लिए सिर्फ जमीन ही नहीं बल्कि उसके अनुरूप बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके लिए कवायद शुरू हो गई है। अगस्त माह में प्रस्तावित डाटा सेंटर क्लस्टर के लिए बिजली की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था, जलापूर्ति, दूरसंचार और इंटरनेट कनेक्टिविटी समेत जरूरी सुविधाओं का जायजा लेने के लिए टीम यहां आई थी। उसकी रिपोर्ट के आधार पर यहां सुविधाएं जुटाई जाएंगी। अभी बीडा के प्रस्तावित क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण का काम भी चल रहा है। एक अक्तूबर तक 56,662 एकड़ में 28,874 एकड़ जमीन का अधिग्रहण हो चुका। सितंबर माह में 616 एकड़ जमीन अर्जित हुई।

डाटा सेंटर क्लस्टर की योजना प्रदेश की व्यापक डाटा सेंटर नीति के मुताबिक तैयार की जा रही है। उप्र सरकार ने अगस्त माह में ही नई डाटा सेंटर नीति अधिसूचित की है। इससे बीडा को फायदा मिलने की उम्मीद है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार जून 2025 तक प्रदेश में डाटा सेंटर क्षेत्र के लिए 21,342.90 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के साथ ही 644 मेगावाट की प्रस्तावित क्षमता बताई गई थी। पिछली बार झांसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बुंदेलखंड क्षेत्र में बड़े डाटा सेंटर क्लस्टर की जरूरत बताई थी। उन्होंने यहां इसकी संभावना तलाशने को कहा था। मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय खत्री का कहना है डेटा क्लस्टर समेत अलग-अलग उद्योगों के लिए भी क्लस्टर विकसित होंगे। इसे आगरा-ग्वालियर छह लेन एक्सप्रेस वे, दिल्ली-मुंबई रेल संपर्क, मल्टी मॉडल कार्गो पार्क और रक्षा गलियारे से भी जोड़ने की योजना पर काम हो रहा है।

000

मध्य प्रदेश से 216 एमएलडी पानी मिलने की उम्मीद

बीडा के औद्योगिक विकास के लिए उप्र और मप्र के बीच सहमति बनाई जा रही है। पिछले माह भी दोनों सूबे के उच्च अफसरों ने बैठक करके पानी की उपलब्धता को लेकर विस्तार से चर्चा की थी। बैठक में परियोजना के लिए 216 एमएलडी पानी उपलब्ध कराने पर मध्य प्रदेश सरकार के सहमति मिलने की उम्मीद है।

000

संभावित निवेशकों में कई बड़े नाम

बीडा के संभावित निवेशकों में समवर्धन मदरसन इंटरनेशनल, बीईएमएल, रैप्हे एमफिब्र, फेयर एक्सपोर्ट्स (लुलु समूह), प्रभातम ग्रुप, कॉनकॉर, सिद्धार्थ लॉजिस्टिक्स और सिफी टेक्नोलॉजीज शामिल हैं। इसके अलावा मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज से जुड़े ट्रस्ट और राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम (एनआईसीडीसी) ने भी रुचि दिखाई है। हालांकि बीडा अफसरों का कहना है कि यह अभी निवेश की रुचियां हैं। इनको अंतिम निवेश प्रस्ताव या स्थापित होने वाली इकाइयां अभी नहीं माना जा सकता।

000

डाटा सेंटर-आईटी क्लस्टर

क्लस्टर के लिए चिह्नित जमीन: 1,000 एकड़

अधिग्रहित जमीन: 810 एकड़

अधिग्रहण शेष: 190 एकड़

000

बीडा में जमीन अधिग्रहण

कुल प्रस्तावित क्षेत्र : 56,662 एकड़

एक अक्तूबर तक अधिग्रहित : 28,874 एकड़

सितंबर में अधिग्रहण : 616 एकड़

कुल गांव : 33

एक्टिवेशन एरिया : 2,320 एकड़

एक्टिवेशन एरिया के पहले चरण में विकास : 1,000 एकड़

कनेक्टिविटी और सुविधाओं का बॉक्स

00

डाटा क्लस्टर के लिए पहले मुहैया कराई जाने वाली बुनियादी सुविधाएं

बिजली की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था

जलापूर्ति

दूरसंचार नेटवर्क

इंटरनेट कनेक्टिविटी

औद्योगिक क्षेत्र की सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाएं



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *