चिरगांव। बीएलओ एप का कथित रूप से नियम विरुद्ध इस्तेमाल कर मतदाता सूची से चार लोगों के नाम हटाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह की तहरीर पर भाग संख्या 50 के बीएलओ मुकेश कुशवाहा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
तहसीलदार मोंठ ज्ञानेंद्र सिंह बबीना विधानसभा क्षेत्र में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। तहरीर के अनुसार, एसआईआर के बाद प्रकाशित विधानसभा मतदाता सूची के भाग संख्या 45 में सरदार पटेल इंटर कॉलेज स्थित बूथ की मतदाता सूची में शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्यों के नाम शामिल थे। सूची में क्रमांक 397, 401, 405 और 406 पर सुनीता कुशवाहा, रानी कुशवाहा, धीरेंद्र सिंह और अरविंद सिंह के नाम दर्ज थे।
आरोप है कि दो अक्तूबर 2026 को बीएलओ एप के माध्यम से चारों मतदाताओं के संबंध में नाम काटने की प्रक्रिया अपनाई गई। इसके बाद 11 अक्तूबर को फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट लगाई गई। तहरीर में कहा गया है कि संबंधित फार्म भरने में जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल हुआ, वह भाग संख्या 50 के बीएलओ मुकेश कुशवाहा का है।
जिस पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों ने इस प्रक्रिया को नियम विरुद्ध बताते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकेश कुशवाहा तथा एक अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
