Aligarh Milkman Killed Scorpio Hit And Run Case

सड़क हादसा
– फोटो : प्रतीकात्मक

विस्तार

अलीगढ़ में दूध बेचकर घर लौट रहे बाइक सवार विनीत कुमार (30) की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हरदुआगंज क्षेत्र में शेखा नहर पुल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। मौके पर मिली नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस स्कॉर्पियो की तलाश कर रही है।


अकराबाद क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी विनीत पुत्र संजय सिंह दूध बेचने का काम करते थे। बुधवार रात करीब नौ बजे वह रोजाना की तरह अलीगढ़ से दूध बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे। शेखा नहर पुल के निकट अचानक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विनीत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक रुकने के बजाय गाड़ी लेकर फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल विनीत के बारे में जानकारी जुटाई। बाद में उनकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। घटनास्थल पर मिली नंबर प्लेट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस फरार वाहन की पहचान करने में जुटी है।

विनीत की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां मीना, पत्नी रेशु जादौन और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर लौटने की राह देख रहे परिजनों को विनीत की मौत की खबर ने झकझोर दिया। एसएचओ जोगेंद्र सिंह ने बताया कि अभी पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मौके पर मिली नंबर प्लेट की जांच कराई जाएगी। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विधायक की गाड़ी होने का भ्रम हुआ

थाना प्रभारी के मुताबिक घटना स्थल पर स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट देखकर परिजन और ग्रामीण हैरान रह गए, क्योंकि उन्हें लगा कि यह गाड़ी नंबर छर्रा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह की गाड़ी का तो नहीं है। नंबर प्लेट पर यूपी 81 डीएस उस नंबर की जब जांच की गई तो उसके मालिक का नाम विवेक पाल सिंह पुत्र रवेंद्र पाल सिंह निवासी गभाना पता चला। इससे एक बार को भ्रम हुआ कि यह गाड़ी विधायक या उनके किसी परिवार के सदस्य की तो नहीं है। बाद में साफ हुआ कि यह गाड़ी विधायक या उनके परिवार के किसी सदस्य की नहीं है। विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि इस नंबर की गाड़ी उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के पास नहीं है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें