झांसी। त्योहारों पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के कारण रेलवे ने महिला और दिव्यांग कोच में अनधिकृत यात्रियों की घुसपैठ पर अभियान चलाया है। पिछले दो दिनों से चल रहे इस अभियान में आरपीएफ ने 51 ऐसे यात्रियों को पकड़ा है। इन सभी को रेलवे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां जुर्माना भरने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
त्योहार और कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर यात्रियों की भीड़-भाड़ के कारण लंबी दूरी की गाड़ियों में जगह नहीं मिल रही थी। ऐसे में कई यात्री ट्रेनों में लगे महिला और दिव्यांग कोच में अनधिकृत रूप से घुसकर कब्जा कर रहे थे। इससे इन कोच के वास्तविक लाभार्थियों को काफी परेशानी हो रही थी, जिसकी शिकायतें रेल प्रशासन को मिली थीं। आरपीएफ प्रभारी योगेश राणा ने बताया कि पिछले दो दिनों में लगातार प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वाली सभी गाड़ियों में चेकिंग की गई। पकड़े गए 51 यात्रियों पर कार्रवाई कर उन्हें रेलवे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
अन्य कार्रवाई और जागरूकता
इसके अतिरिक्त, आरपीएफ ने जन विश्वास अधिनियम के तहत भी आठ रेल यात्रियों को पकड़ा है। इन यात्रियों से जुर्माना वसूल किया गया है। आरपीएफ अनधिकृत यात्रियों को जागरूक भी कर रही है। रेलवे द्वारा महिला और दिव्यांग यात्रियों को विशेष सुविधा दी गई है। अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों पर भविष्य में भी कार्रवाई की जाएगी।
