पुराने मामले में राजीनामा कराने का दबाव बनाने वालों पर रिपोर्ट, 29 जुलाई से किशोरी लापता
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। पुराने मामले में राजीनामा और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के बाद किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप सामने आया है। गरौठा क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाना लहचूरा में प्रार्थनापत्र देकर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
महिला न बताया कि उसकी बेटी के साथ दो मई को गांव के ही आजाद अहिरवार ने घटना की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मामले में थाना गरौठा में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विनीता के अनुसार वह मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहती हैं। डर के कारण उन्होंने अपनी बेटी और दो अन्य बच्चों को अपने भाई के पास में छोड़ रखा था।
भाई के बाहर जाने पर किशोरी को ले जाने का आरोप
महिला के अनुसार 29 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे उनका भाई मां के इलाज के सिलसिले में मऊरानीपुर गया था। इसी दौरान चंद्रभान उर्फ भोला और आजाद का जीजा मनीष अहिरवार निवासी ग्राम टिकरी, थाना उल्दन, खंदरका पहुंचे। आरोप है कि दोनों उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। महिला का आरोप है कि उनकी बेटी पर काफी समय से पुराने मुकदमे को वापस लेने और राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा था। बात न मानने पर उसे जान से मारकर फेंकने की धमकियां भी दी जा रही थीं।
29 जुलाई से नहीं मिला किशोरी का सुराग
महिला ने बताया कि 29 जुलाई से उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं लग सका है। उसने आशंका जताई कि आरोपी किशोरी के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस से बेटी को सकुशल बरामद करने की मांग की है। तहरीर में किशोरी के सोने के दो लॉकेट, कान की बाली और चांदी की पायल पहने होने की बात भी बताई गई है। लहचूरा पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
