टोड़ी फतेहपुर। निरंतर मूसलाधार बारिश से किसानों की खरीफ फसलें बर्बाद हो रही हैं। खेतों में पानी भरने से मूंग, उड़द, मूंगफली और तिलहन की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। फसलें नष्ट होने से किसानों के सामने गहरा आर्थिक संकट आ गया है। किसानों को इस वर्ष खरीफ की फसलों से अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन लगातार बारिश ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। कई खेतों में फसलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। विनोद शर्मा, ठाकुरदास दांगी, सुन्दर लाल सूर्यवंशी, धीरेन्द्र राजपूत, मीनू बबेले और रविकुमार जैसे किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की। उन्होंने क्षतिग्रस्त फसलों का घर-घर सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन कराने को कहा है। साथ ही, प्रभावित किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने की अपील की है। संवाद
