मोंठ। अधिवक्ता संघ मोंठ के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। चुनाव के पहले दिन अध्यक्ष, सचिव सहित विभिन्न पदों के लिए 15 अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र खरीदे। चुनाव को लेकर कचहरी परिसर में दिनभर अधिवक्ताओं के बीच चर्चाओं का दौर चलता रहा।
एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष शिवदयाल राजपूत ने बताया कि निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत मंगलवार को विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी। चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एल्डर्स कमेटी की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष समेत सदस्य इदरीस खान मंसूरी, राजेंद्र लोहिया, हृदय नारायण लहरिया और अशोक कुमार श्रीवास्तव की देखरेख में नामांकन पत्रों की बिक्री कराई गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राकेश मुद्गल और सहायक निर्वाचन अधिकारी चंदन सिंह यादव भी चुनावी प्रक्रिया में मौजूद रहे।
