एंटी करप्शन की टीम ने चार हजार रुपये लेने के आरोप में किया था गिरफ्तार

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। जमीन के विरासत नामांतरण के नाम पर ग्रामीण से चार हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार महरौनी तहसील के लेखपाल बालकिशन के खिलाफ राजस्व विभाग ने विभागीय कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। आरोपी को एंटी करप्शन की टीम उसको गिरफ्तार किया था। इसके बाद कोतवाली सदर में उसके खिलाफ भ्रष्टाचार की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

पुलिस के मुताबिक तहसील महरौनी के ग्राम सड़कौरा निवासी अमर सिंह ने अपने मृत भाई मुहर सिंह की कृषि भूमि का विरासत नामांतरण दर्ज कराने के लिए लेखपाल बालकिशन से संपर्क किया था। अमर सिंह का आरोप था कि नामांतरण के लिए लेखपाल ने उससे चार हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी की ट्रैप टीम ने बुधवार को कार्रवाई की। टीम ने महरौनी तहसील के बाहर अमर सिंह से चार हजार रुपये लेते समय लेखपाल बालकिशन को पकड़ लिया। इसके बाद टीम आरोपी लेखपाल को लेकर कोतवाली सदर पहुंची। यहां ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक उदयराज निषाद की तहरीर पर पुलिस ने देर रात लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे एंटी करप्शन टीम लेखपाल बालकिशन को अपनी हिरासत में लेकर झांसी के लिए रवाना हुई। झांसी पहुंचने के बाद टीम ने उसे भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय में पेश किया। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि एंटी करप्शन टीम के ट्रैप टीम प्रभारी की तहरीर पर लेखपाल के खिलाफ कोतवाली सदर में रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीम ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने समेत आगे की कार्रवाई की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *