झांसी। कटेरा थाना क्षेत्र में सामने आए साइबर अपराध के नेटवर्क के मामले में पुलिस की जांच अंतिम दौर में चल रही है। अगस्त माह में गांव के मौरियाना, खैरियाना और कड़ौर गांव में हुई छापामार कार्रवाई में पकड़े गए सभी 23 अपराधियों पर चार्जशीट लगाने की तैयारी में है। अपराधियों के पास से बरामद हुए साक्ष्यों के फॉरेंसिक रिपोर्ट आते ही पुलिस की कार्रवाई तेज हो जाएगी।

आठ और नौ अगस्त की रात पुलिस ने कटेरा थाना क्षेत्र के मौरियाना, खैरियाना और कड़ौर गांव में छापामार कार्रवाई की थी। इसमें महिला और पुरुष साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था। उक्त सभी पर ऑनलाइन ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य लोगों को मोबाइल फोन पर मोटी कमाई का लालच देने, धमकाने या ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराने जैसे साइबर अपराधों में शामिल थे।

पुलिस ने इस कार्रवाई में 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, 23 डेबिट कार्ड, 20 आधार कार्ड, 20 वोटर आईडी, एक लैपटॉप, एक टैबलेट और 29 बैंक पासबुक मिलीं। इसके अलावा 284 ग्राम सोना, 1 किलो 408 ग्राम चांदी और 9 लाख 20 हजार 510 रुपये नकद भी बरामद किए गए। इन बरामदगियों से क्षेत्र में चल रहे साइबर अपराध के नेटवर्क की गंभीरता सामने आई है। उक्त मामले की जांच कर रहे साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह यादव ने हर बिंदुओं पर गहनता से जांच करते हुए बरामद हुए साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया। जिससे सभी की प्रमाणिकता जाहिर हो सके। उन्होंने बताया कि जांच अंतिम दौर में है, मामले में पुलिस जल्द ही चार्जशीट जारी करेगी। फॉरेंसिक रिपोर्ट आते ही चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *