झांसी। नगर निगम के अब तक 45 हजार बकायेदारों में से 376 ने ही एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना का लाभ लिया है। हालांकि, बकायेदारों के पास नगर निगम की वेबसाइट पर जाकर 14 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने का मौका है। निगम प्रशासन 15 दिसंबर तक आवेदनों का निस्तारण करेगा।
नगर निगम की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,55,740 लोगों को गृहकर जमा करने के लिए बिल भेजे गए थे। इसके सापेक्ष 84,360 लोगों ने 37.30 करोड़ रुपये गृहकर जमा किया। 71,380 भवनस्वामियों ने गृहकर जमा नहीं किया है। बताया गया कि महानगर में लगभग 45 हजार व्यावसायिक और घरेलू भवनस्वामी ऐसे हैं, जिन्होंने पांच साल से अधिक समय से गृहकर जमा नहीं किया है। चूंकि, शासन ने 15 अगस्त से ओटीएस योजना शुरू की है। इसके तहत बकाया जमा करके ब्याज में छूट का लाभ ले सकते हैं।
एक अप्रैल तक के बकाये पर लाभ
बताया गया कि यदि सभी भवन स्वामी योजना का लाभ लेते हैं तो करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये ब्याज राशि से राहत मिलने का अनुमान है। योजना शुरू हुए एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक 376 लोगों ने ही ओटीएस योजना के तहत आवेदन किया है। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए भवन स्वामी 14 नवंबर तक https://jnnjhansi.com/ वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का लाभ एक अप्रैल 2026 तक गृहकर के लंबित बकाये पर दिया जाएगा। बकाया गृहकर अधिकतम तीन किस्तों में जमा कर सकेंगे।
