कानपुर-सागर हाईवे पर सोमवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बड़ागांव के तकियापुरा मोहल्ला निवासी पूजा कुशवाहा (35) की हादसे में मौत हो गई। पति और चार साल की मासूम बेटी गंभीर घायल हो गई।
पूजा के परिजन के मुताबिक बहन की शादी में शामिल होने के लिए पूजा कुछ दिनों पहले पति जितेंद्र एवं बेटी परी के साथ गई थी। शादी के बाद तीनों सोमवार रात बाइक से गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया रात करीब 11 बजे हाईवे पर कुम्हार गांव के पीछे से आए किसी वाहन ने टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर जा गिरे। पूजा की गोद से बेटी परी उछलकर दूर जा गिरी। पूजा को सबसे अधिक सिर, हाथ एवं पैर में चोट आ गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। यहां से उनको मेडिकल रेफर कर दिया गया। यहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया जबकि जितेंद्र एवं परी का उपचार चल रहा है। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
चीरघर में कीड़ों ने खाया पूजा का कान, सफाईकर्मी को हटाया
पूजा की मौत के बाद देर-रात उसका शव चीरघर में रखवा दिया गया था। पूजा के भाई मुकेश का कहना है कि चीरघर में शव रखवाते समय उसका चेहरा एवं कान सुरक्षित था लेकिन, चीरघर से पोस्टमार्टम कराने के लिए जब शव बाहर निकाला गया, तब कान के एक हिस्से में कीड़े पड़ गए थे। कीड़ों की वजह से कान का एक हिस्सा नष्ट हो गया था। मुकेश ने शव के रखरखाव पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि आखिर मौत से महज 12 घंटे के भीतर कीड़े कैसे लग गए। पूजा के शव को लापरवाही से रखने पर परिजन बिफर उठे। चीरघर में साफ सफाई न होने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर उनको शांत कराया। सीएमएस डाॅ. सचिन माहुर का कहना है मरीज के परिजनों की ओर से उनको कोई शिकायत नहीं दी गई हालांकि लापरवाही बरतने के आरोप में आउट सोर्स में तैनात सफाई कर्मी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया।
