गुरसहायगंज। मवेधी बांधने के लिए खूंटे की लकड़ी काटते समय शिक्षक को चौकी के सिपाही ने पकड़ लिया। आरोप है कि चौकी पर ले जाकर चौकी इंचार्ज व सिपाहियों ने गाली-गलौज कर पिटाई कर दी। शिक्षक ने साथियों के साथ पहुंच कर क्षेत्रीय विधायक से मामले की शिकायत की। विधायक के हस्तक्षेप के बाद एसपी ने मामले की जांच नगर क्षेत्राधिकारी को सौंपी है।
तालग्राम क्षेत्र के ग्राम मुसाफिरपुर निवासी शिक्षक संजीव कुमार राजपूत ने बताया कि वह प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। उनकी जनगणना में ड्यूटी लगी है। आरोप है कि रविवार सुबह घर के बाहर खड़े पेड़ से खूंटी के लिए लकड़ी काटते समय बेहटा चौकी के सिपाही उन्हें पकड़ कर चौकी ले गए थे। आरोप है कि चौकी पर उनके साथ गाली-गलौज कर पिटाई की गई। इसकी जानकारी होते ही शिक्षक के कई साथी मौके पर पहुंच गए।
शिक्षकों ने क्षेत्रीय विधायक अर्चना पांडेय से मिलकर मामले से अवगत कराया और कार्रवाई की मांग की। विधायक ने पुलिस अधीक्षक से बात कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। नगर क्षेत्राधिकारी सुरेश मलिक ने मौके पर पहुंच कर पूछताछ की है।
——–
नगर क्षेत्राधिकारी को जांच दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक
