कन्नौज। गांव अनौगी खेड़ा में संचालित शराब ठेके के विरोध में शुक्रवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में एकत्रित हुई महिलाओं ने ठेके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने ठेके का ताला तोड़ दिया और शराब की बिक्री बंद कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को शांत कराया।
महिलाओं का आरोप है कि ठेके पर सुबह चार बजे से ही शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि गांव अनौगी खेड़ा के बीच शराब ठेका संचालित होने से आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। सुबह से लेकर देर रात तक ठेके के आसपास नशेड़ियों की भीड़ जुटी रहती है।
शराब पीकर निकलने वाले लोग रास्ते में अभद्रता करते हैं, जिससे महिलाओं और युवतियों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार विरोध जताने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। शुक्रवार को महिलाओं ने एकजुट होकर ठेके के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ठेके का ताला तोड़कर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने आबकारी विभाग और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। महिलाओं ने मांग की कि गांव में संचालित शराब ठेके को आबादी से दूर गांव के बाहर शिफ्ट किया जाए।
उनका कहना था कि जब तक ठेका गांव से बाहर नहीं किया जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा। तड़के चार बजे से शराब की बिक्री से पुलिस और आबकारी विभाग की निगरानी पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने अधिकारियों से मौके पर जांच कराकर ठेके के संचालन पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
———
निर्धारित समय से पहले शराब की बिक्री की शिकायत गंभीर है। मामले की जांच कराई जाएगी। यदि ठेके पर नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित अनुज्ञापी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-वरुण लाल, जिला आबकारी अधिकारी

फोटो :08: शराब ठेके के बाहर लाठी-डंडा लेकर विरोध जताती महिलाएं। संवाद
