कबरई (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर मकरबई मोड़ पर रविवार की रात गिट्टी लदे ट्राला ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि साथी घायल हो गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।

थाना कबरई के परसहा निवासी विपिन यादव (32) महोबा रोड स्थित नई पत्थरमंडी में कृतिका क्रशर प्लांट में काम करता था। रविवार की रात वह बाइक से गांव के सत्येंद्र विश्वकर्मा (30) के साथ प्लांट जा रहा था। हाईवे पर मकरबई मोड़ के पास गिट्टी लदे ट्राला ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी जिससे विपिन ट्राला के आगे गिरकर पहियो के नीचे आ गया। वहीं सत्येंद्र के उछलकर दूर गिरने से वह घायल हो गया।

सूचना पर मृतक का पिता गयादीन बेटे को सीएचसी कबरई ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि ट्राला के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में टक्कर मारी। घटना से मां विमला, पत्नी रोशनी, दो बेटी मौसमी, रानी व बेटा आर्यन रो-रोकर बेहाल हैं। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह का कहना है कि ट्राला नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सड़क हादसों में किशोर समेत चार घायल

अलग-अलग सड़क हादसों में किशोर समेत चार लोग घायल हो गए। थाना पनवाड़ी के रिछा गांव निवासी ताज मोहम्मद (12) देर शाम घर के बाहर खेल रहा था तभी अज्ञात वाहन चालक ने किशोर को टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। इसी तरह मगरिया निवासी दृगचंद्र, मुख्यालय निवासी रेश्मा व धर्मेंद्र अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।



Source link

अभी अभी की खबरें