तालग्राम। हज 2027 आजमीन के लिए दूसरी किस्त जमा करने के लिए केवल दो दिन का समय बचा है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने दूसरी किस्त जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की है। चयनित हज यात्रियों को निर्धारित समय के भीतर 1.25 लाख रुपये जमा करने होंगे।

जिला हज ट्रेनर मोहम्मद आफताब इदरीसी ने बताया कि जिन आजमीन ने पहली किस्त के रूप में 1.52 लाख रुपये जमा कर दिए हैं, उन्हें अब दूसरी किस्त के तौर पर 1.25 लाख रुपये जमा करने हैं। यह धनराशि भारतीय स्टेट बैंक या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के निर्धारित खातों में जमा की जा सकती है। उन्होंने बताया कि दूसरे विकल्प के तहत आवेदन करने वाले जिन आजमीन ने अभी तक पासपोर्ट के पहले पन्ने की स्पष्ट फोटोकॉपी जमा नहीं की है,वे तत्काल हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई को भेज दें।

समय से दस्तावेज न पहुंचने पर हज वीजा जारी होने में परेशानी हो सकती है। जिला हज ट्रेनर ने आजमीन से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना किस्त की धनराशि और जरूरी दस्तावेज जमा कर दें, ताकि हज यात्रा की तैयारियों में कोई बाधा न आए।



Source link