फर्रुखाबाद। सड़क पर अब बधिर वाहन चालकों की पहचान आसानी से हो सकेगी। यातायात पुलिस ऐसे चालकों के वाहनों और हेलमेट पर कान का प्रतीक चिह्न (डेफ लोगो) लगाएगी। साथ ही उन्हें निशुल्क हेलमेट भी दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य दूसरे वाहन चालकों को सतर्क करना है, ताकि बधिर चालकों के साथ सड़क पर किसी तरह की अनहोनी न हो।


यातायात माह के तहत 28 नवंबर शनिवार को दोपहर 12 बजे मिलिट्री चौराहे पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा के निर्देश पर प्रदेश भर में डेफ ड्राइवर सेफ्टी स्कीम लागू की जा रही है। क्षेत्राधिकारी यातायात अभय कुमार वर्मा ने डेफ वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव पवन कुमार को पत्र भेजकर अभियान में सहयोग मांगा है।

अभियान के तहत बैनर, पोस्टर, सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से भी लोगों को डेफ लोगो के प्रति जागरूक किया जाएगा। यातायात प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि कान का प्रतीक चिह्न देखकर दूसरे वाहन चालक बधिर चालकों के प्रति संवेदनशीलता बरतें और सड़क पर सुरक्षित दूरी व सावधानी बनाए रखें। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत बधिर वाहन चालकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link