कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की रतनपुर एक्सटेंशन योजना के एक भूखंड का महिला को फर्जी आवंटी बनाकर रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया गया। केडीए की विभागीय जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद केडीए के जोन-दो के अनुसचिव की तहरीर पर महिला, विभाग के तीन लिपिक समेत छह लोगों पर जालसाजी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जोन-दो के अनुसचिव बलराम की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार भूखंड संख्या ए-3 रतनपुर एक्सटेंशन (साउथ ईस्ट कार्नर) का आवंटन रमणी के नाम किया गया था। भूखंड के लिए समस्त देनदारियां पूरी होने रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू की गई। इस प्रक्रिया के दौरान पता चला कि जिस महिला ने रजिस्ट्री के लिए आवेदन दिया है वह फर्जी है। इसके बाद तत्काल भूखंड की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी गई। आरोप है कि उक्त महिला ने फर्जी गवाह अभिषेक सचान और आनंद कुमार श्रीवास्तव के साथ मिलकर गलत तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर भूखंड की रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया।
