कासगंज। सहावर कोतवाली क्षेत्र में करीब 13 वर्ष पुराने जमीन के सौदे में धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि दूसरे खेत दिखाकर और कथित तौर पर अस्तित्वहीन खसरा नंबरों की भूमि का बैनामा कराकर कंपनी से 98 लाख 90 हजार 800 रुपये हड़प लिए गए।

प्रस्टीज इंफ्रा डेवलपर्स इंडिया लिमिटेड के डायरेक्टर राजकुमार सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी ललिता पार्क लक्ष्मीनगर ईस्ट दिल्ली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 जनवरी 2013 को कंपनी के तत्कालीन डायरेक्टर अनिल कुमार शर्मा से गांव लखमीपुर दीपसिंह स्थित 5.909 हेक्टेयर कृषि भूमि का सौदा 98,90,800 रुपये में तय किया गया था।

शिकायत के अनुसार, विक्रेता हरवंश कौर, संदीप कौर निवासी मीरापुर सरदाई फार्म थाना सहावर, जगजीत सिंह निवासी घरखाना थाना समराला जिला लुधियाना तथा कथित बिचौलियों लखविन्दर सिंह, सन्प्रीत, गुरजीत सिंह, रियाज मोहम्मद और तत्कालीन लेखपाल आशीष कुमार के सहयोग से जमीन का बैनामा कराया गया।

तहरीर के मुताबिक, कंपनी की ओर से डिमांड ड्राफ्ट से 63,55,200 रुपये, चेक से 7,35,600 रुपये और 28,00,000 रुपये नकद दिए गए थे। कुल 98,90,800 रुपये दिए गए, लेकिन जमीन पर कब्जा नहीं मिला।

बाद में तहसीलदार के यहां आवेदन करने पर बताया कि मौके पर केवल खसरा नंबर 230 है, जबकि खसरा नंबर 232 व 383 की भूमि वर्तमान में है ही नहीं। मामले में सहावर पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

————

सीओ दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि जमीन का सौदा करने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में कागजों का सत्यापन कराकर कार्रवाई की जाएगी।



Source link