सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ ट्रैक्टर में रस्सी बांधकर लकड़ी खींचते समय शहर से घर जा रहे बाइक चालक 45 वर्षीय रमेश की गर्दन रस्सी में फंस गई। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम दैलवारा निवासी राजो ने बताया कि सोमवार की दोपहर को गांव के पास स्थित नवोदय विद्यालय के पास गांव के कुछ लोग ट्रैक्टर को किनारे पर खड़े किए हुए थे। जबकि दूसरे ट्रैक्टर से रस्सी बांधकर लकड़ी को सड़क के एक किनारे से दूसरी ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान उसका पति रमेश यहां से गुजरा तो ट्रैक्टर से रस्सी को खींच दिया। इससे यह रस्सी बाइक चला रहे पति के गले में फंस गई। वह चलती बाइक से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन फानन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी ने दी तहरीर
मृतक की पत्नी राजो ने गांव के कुछ लोगों पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर कोतवाली सदर में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद, एक पल में हुई घटना
यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई। सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है कि एक ट्रैक्टर सड़क के किनारे पर खडा है। इसी दौरान सड़क पर बाइक से युवक आता दिखाई देता है। अचानक से उसका गला सड़क के एक छोर से दूसरे छोर पर बांधी गई रस्सी में फंस जाता है और वह एक झटके में बाइक से नीचे सड़क पर गिर जाता है। जबकि बाइक बिना चालक के कुछ दूरी तक जाकर गिर जाती है।
घटना का सीसीटीवी वीडियो…
