देवपुर पारा स्थित एलडीए की अटल नगर बहुमंजिला आवासीय योजना में फ्लैट लेने वालों को अब सात के बजाय दस वर्ष की मासिक किस्तों में पैसा अदा करने की सहूलियत मिलेगी। किस्तों पर ब्याज भी नौ की जगह सात प्रतिशत सालाना की दर से लिया जाएगा। एलडीए वीसी ने इसका आदेश जारी कर दिया।
वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में 2496 फ्लैट हैं। 30 से लेकर 54.95 वर्गमीटर के इन फ्लैटों की कीमत 9.83 लाख रुपये से शुरू होती है। दू बीएचके फ्लैट 16 से 21 लाख रुपये के बीच हैं। यहां ज्यादातर फ्लैटों का लॉटरी से आवंटन हो चुका है। इस समय 630 फ्लैट खाली हैं। इनमें से 539 वन बीएचके और 91 टू बीएचके के हैं।
ये भी पढ़ें – पूरे प्रदेश में हुई बारिश से पारे ने लगाया गोता, आज इन जिलों में आंधी और ओले गिरने का अलर्ट जारी; जानिए पूर्वानुमान
ये भी पढ़ें – ऊर्जा मंत्री का बड़ा फैसला- प्रदेश में स्मार्ट बिजली मीटर व्यवस्था हुई खत्म, 3.5 करोड़ उपभोक्ताओं को राहत
18 अप्रैल को खोला गया पंजीकरण 17 मई तक चलेगा। पुरानी व्यवस्था के तहत आवंटियों को सात वर्ष की 84 किस्तों में नौ प्रतिशत की वार्षिक दर पर भुगतान करना होता था। वन बीएचके के फ्लैट की मासिक किस्त करीब 15,000 रुपये बनती थी। लोगों की मांग पर समीक्षा के बाद छूट का प्रावधान किया गया है। अब सात प्रतिशत की दर से वन बीएचके फ्लैट की किस्त 10,767 रुपये बनेगी।
आवंटन करा चुके लोगों को भी मिलेगा लाभ : वीसी ने बताया कि नए आदेश का लाभ उन्हें भी मिलेगा, जिन्हें फ्लैट आवंटित हो चुके हैं। इसके लिए योजना के संपत्ति प्रभारी से मिलकर आवेदन देना होगा।
फ्लैट से अधिक दावेदार: योजना में फ्लैट का ऑनलाइन पंजीकरण एलडीए की वेबसाइट से होगा। वन बीएचके फ्लैट के लिए 55,658 रुपये और टू बीएचके फ्लैट के लिए 1,00,852 रुपये पंजीकरण शुल्क है। आवंटन न होने पर यह रकम आवेदक को लौटा दी जाएगी। बीते 15 दिनों में 2108 लोगों ने रजिस्ट्रेशन बुकलेट खरीदी है, जिनमें से 642 ने पंजीकरण करा लिया है।
