फोटो: 30 सीएनजी का रिसाव बंद होने के बाद हाईवे पर खड़े केंटर के पास लगी लोगों की भीड़। संवाद
हाईवे पर 20 मिनट तक बंद रहा वाहनों का आवागमन, पुराने रोड से निकाले गए वाहन
-बकेवर बाईपास के पास हुई घटना, एक गैस सिलिंडर का फट गया था पाइप
संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर। पेट्रोल पंप पर सीएनजी लेकर जा रहे केंटर के गैस सिलिंडर की पाइप फटने से गैस लीकेज शुरू हो गया। तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू होने से रविवार को हाईवे पर लोगों में अफरा तफरी मच गई। इस घटना के चलते लगभग 20 मिनट तक हाइवे पर एक ओर वाहनों का आवागमन बाधित रहा और कस्बे के अंदर पुराने मुगल रोड से होकर वाहनों को निकाला गया।
रविवार को एक केंटर भरथना क्षेत्र के पेट्रोलपंप पर सीएनजी गैस लेकर जा रहा था। जैसे ही केंटर कानपुर आगरा नेशनल हाइवे पर बकेवर बाईपास के पास पहुंचा तभी उसके एक सिलिंडर का पाइप अचानक फट गया। तेज आवाज होने से चालक ने केंटर को हाईवे पर ही किनारे रोक दिया। तेज गैस के रिसाव से आसपास गैस की दुर्गंध फैलने लगी और वहां से गुजर रहे वाहन सवारों में हड़कंप मच गया। लोग तुरंत ही अपने वाहनों के साथ वापस लौटकर ट्रक से दूर जा खड़े हुए। सूचना पर कस्बा इंचार्ज कौशल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हाईवे पर दोनों ओर वाहनों को ट्रक से लगभग 200 मीटर दूर ही रूकवा दिया। कुछ ही देर में यहां पर जाम की स्थिति हो गई। इसपर कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को पूर्वी तिराहा से कस्बा के अंदर वाले पुराने मुगल रोड से निकाला गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे मैकेनिक ने पाइप दुरस्त कर गैस के रिसाव को बंद किया तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इसके चलते हाईवे पर लगभग आधा घंटा तक आवागमन प्रभावित रहा। केंटर चालक विश्वनाथ ने बताया कि सीएनजी गैस की आपूर्ति लेकर वह भरथना जा रहा था। रास्ते में केंटर के पीछे लगे सीएनजी सिलिंडर का पाइप तेज आवाज के साथ फट गया, जिससे तेज लीकेज शुरू हो गया था।
