लखनऊ के कृष्णानगर के भोलाखेड़ा इलाके में बुधवार रात बाइक सवार अमन वर्मा (32) को गली में कुत्तों के झुंड ने दौड़ा लिया। कुत्तों से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमन वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
अमन के पिता किशनलाल वर्मा ने बताया कि बेटा ऑटो चलाता था। रात में काम से लौटने के बाद बाइक लेकर निकला था। देर रात करीब तीन बजे घर लौटते समय गली में कुत्तों के दौड़ाने पर अमन ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी थी। तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और लोहे के खंभे से जा टकराई।
ये भी पढ़ें – अगस्त के पहले सप्ताह से फिर जोर पकड़ेगा मानसून, गुरुवार को पूरे प्रदेश में चली पुरवाई; जारी हुए पूर्वानुमान
ये भी पढ़ें – दो महीने में योगी ने नाप डाली 18 मंडलों की 100 विधानसभा सीटें, दौरे के लिहाज ने विपक्ष को काफी पीछे छोड़ा
हेलमेट पहनने के बावजूद अमन के सिर में गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। टक्कर की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। अमन को तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह परिवार में इकलौता बेटा था। उसकी शादी दो वर्ष पहले मुस्कान से हुई थी।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
किशनलाल ने बताया कि रात में कुत्तों का जमावड़ा लग जाता है। ये कुत्ते पहले भी कई लोगों को काट चुके हैं। आरोप है कि इस संबंध में नगर निगम में कई बार जानकारी दी गई थी। फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। नगर निगम की अनदेखी के कारण यह बड़ा हादसा हो गया।
रिश्तेदार के घर से लौटते वक्त हुआ हादसा
किशनलाल के मुताबिक अमन पारा में एक रिश्तेदार से मिलने गया था। देर रात होने पर पत्नी मुस्कान ने अमन को फोन किया तो उसने कुछ देर में आने की बात कही और फोन काट दिया। पत्नी, पिता और मां अमन के वापस आने का इंतजार कर रहे थे। रात तीन बजे उन्हें हादसे की खबर मिली। अस्पताल में अमन की मौत की खबर सुनकर पत्नी और मां बेसुध हो गईं। इंस्पेक्टर पीके सिंह का कहना है कि परिजनों ने हादसे के संबंध में कोई शिकायत नहीं की है।
