गुडंबा। मड़ियांव इलाके में आठ सितंबर को बाइक सवार दो बदमाश अधिवक्ता त्रिलोकनाथ त्रिवेदी की पत्नी के गले से सोने की चेन छीनकर भाग गए। साईं सिटी, आईआईएम रोड निवासी अधिवक्ता त्रिलोकनाथ त्रिवेदी ने बताया कि आठ सितंबर की रात करीब नौ बजे वह पत्नी के साथ मड़ियांव थाने की ओर से बाइक से घर जा रहे थे। लजीज रेस्टोरेंट के सामने पहुंचते ही पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश पत्नी के गले से सोने की चेन छीन सीतापुर रोड की ओर भाग निकले। वारदात के बाद त्रिलोकनाथ ने बाइक से बदमाशों का पीछा किया, लेकिन पकड़ने में नाकाम रहे। उन्होंने भिठौली चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ लूट की एफआईआर दर्ज की गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित के अनुसार छीनी गई चेन का वजन 25 से 30 ग्राम के बीच था।
