लखनऊ। आरव की शानदार गेंदबाजी (चार विकेट) की बदौलत सेंट जोसेफ स्कूल की राजाजीपुरम शाखा ने चार दिवसीय नीरू मेमोरियल वार्षिक स्पोर्ट्स मीट-2026 के क्रिकेट मुकाबले में रुचिखंड शाखा को 61 रन से शिकस्त दी। प्रतियोगिता का आयोजन केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया जा रहा है।
रविवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और शिक्षक एमएलसी अनिल द्विवेदी ने मशाल जलाकर और गुब्बारे उड़ाकर किया। पहले लीग मैच में राजाजीपुरम शाखा की टीम ने 12 ओवर में 102 रन बनाए। जवाब में रुचिखंड शाखा की टीम 41 रन पर सिमट गई। वहीं, प्रतियोगिता में प्री-सब जूनियर वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सीतापुर रोड शाखा के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने सीतापुर रोड शाखा की प्रिशा गुप्ता, रुचिखंड शाखा की आयुषी सिंह और राजाजीपुरम शाखा के गौरव सरोज को नीरू मेमोरियल खेल रत्न अवार्ड से सम्मानित किया। सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर समूह के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल, निदेशक नम्रता अग्रवाल, संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल और स्क्वाड्रन लीडर राखी अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

