लखनऊ। मंडल में सड़कों को गड्ढामुक्त करने की प्रगति में रायबरेली सबसे पीछे है। यहां अब तक 84 प्रतिशत काम ही पूरा हो सका है। वहीं, सीतापुर और उन्नाव 94-94 प्रतिशत प्रगति के साथ सबसे आगे हैं। हरदोई में 85, लखनऊ में 89 और लखीमपुर खीरी में 90 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बृहस्पतिवार को छह जिलों के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति वाले जिलों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडल में 9451.74 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष 8509 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। शेष सड़कों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित बनाने को कहा गया। एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की लंबित परियोजनाओं में भूमि, बजट और तकनीकी स्वीकृति से जुड़ी बाधाएं दूर कर समयसीमा तय करने के निर्देश दिए। एक साल से अधिक समय से लंबित परियोजनाओं के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को भी कहा।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीद के लिए क्रय केंद्रों पर किसानों को सुविधाएं देने और प्रक्रिया पारदर्शी रखने के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान चलाने और मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध कराने के लिए कहा। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता पर मरम्मत कराने और गोशालाओं में चारा-पानी व उपचार की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त शिवाकांत द्विवेदी समेत छह जिलों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
पेंशन के 2137 आवेदन लंबित
मंडल में वृद्धावस्था पेंशन के 670, निराश्रित महिला पेंशन के 930 और दिव्यांग पेंशन के 537 आवेदन लंबित हैं। वहीं, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के 2892 आवेदन सत्यापन में अटके हैं। मंडलायुक्त ने पात्रों को प्राथमिकता से लाभ देने और लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
पंचायतों की 6166 ऑडिट आपत्तियां लंबित
मंडल की ग्राम पंचायतों में वर्ष 2010-11 से 2023-24 तक की 8162 ऑडिट आपत्तियों में से 6166 का निस्तारण नहीं हुआ है। 1087 ग्राम पंचायतों में जनसेवा केंद्र शुरू नहीं हुए हैं और पंचायत सहायकों के 49 पद रिक्त हैं। मंडलायुक्त ने इस पर नाराजगी जताते हुए कार्ययोजना बनाकर कमियां दूर करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक करते कमिश्नर।

समीक्षा बैठक करते कमिश्नर।

समीक्षा बैठक करते कमिश्नर।
