
By: Inextlive | Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 22:48:41 (IST)
लखनऊ (ब्यूरो)। शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल बलरामपुर अस्पताल के बाहर मरीजों और उनके सहयोगियों को इलाज से पहले जाम की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। अस्पताल के आसपास सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन, ई-रिक्शा और ठेले-खोमचे यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। स्थिति यह है कि अस्पताल आने वाले मरीजों को वाहन से परिसर तक पहुंचने में भारी परेशानी होती है। वहीं, एंबुलेंस और दूसरे जरूरी वाहनों की आवाजाही पर भी दबाव बना रहता है। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते और ट्रैफिक पुलिस की नियमित कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है।
कार्रवाई के बाद फिर पुराने हालात
अस्पताल के आसपास अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्थित करने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते रहे हैं। अधिकारियों की ओर से व्यवस्था सुधारने के दावे भी किए जाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े होने और ई-रिक्शा के जमावड़े से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है। इसका असर अस्पताल के साथ आसपास से गुजरने वाले आम राहगीरों पर भी पड़ता है। नियमित निगरानी और कार्रवाई के अभाव में अतिक्रमण करने वालों के हौसले भी बढ़ते हैं।
पार्किंग और ई-रिक्शा स्टैंड की जरूरत
समस्या का स्थायी समाधान केवल चालान या अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं हो सकता। इसके लिए अस्पताल के आसपास वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की व्यवस्था करना जरूरी है, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों के वाहन सड़क पर खड़े न हों। इसके साथ ही ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड बनाए जाने चाहिए। अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास वाहनों के अनावश्यक ठहराव पर रोक लगनी चाहिए।
अस्पताल के बाहर चाहिए नियमित निगरानी
ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम को संयुक्त रूप से नियमित अभियान चलाने की जरूरत है। अस्पताल के प्रवेश और निकास मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, साथ ही नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर लगातार कार्रवाई हो। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर यातायात व्यवस्था केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि मरीजों की सुरक्षा से भी जुड़ी है। ऐसे में सवाल यही है कि कई बार बने प्लान आखिर जमीन पर कब उतरेंगे और बलरामपुर अस्पताल के बाहर लोगों को जाम से कब राहत मिलेगी?
जब अस्पताल में मरीज दिखाने आते हैं तो बाहर गाड़ी खड़ी करने की जगह नहीं मिलती। सड़क किनारे वाहन लगाने पर चालान का डर रहता है। प्रशासन को अस्पताल के आसपास वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी न हो।
-रामधारी गोस्वामी
राजधानी के ज्यादातर अस्पतालों के बाहर ट्रैफिक जाम रहता है चाहे वह बलरामपुर हो, सिविल हॉस्पिटल हो, मेडिकल कॉलेज हो, लोहिया हॉस्पिटल या लोकबंधु। सड़क पर अवैध रूप से ठेले-खोमचे वालों का कब्जा रहता है। नगर निगम और पुलिस को सख्ती करती चाहिए।
-अमित श्रीवास्तव
अस्पताल के बाहर सुबह से ही वाहनों और ई-रिक्शा की भीड़ लगने लगती है। सड़क पर ठेले और दुकानों के कारण रास्ता संकरा हो जाता है। नगर निगम की टीम कभी-कभी आती है, लेकिन नियमित कार्रवाई न होने से कुछ दिनों बाद फिर वही स्थिति बन जाती है।
-खेम सिंह
बलरामपुर अस्पताल के बाहर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए केवल अभियान चलाना काफी नहीं है। यहां नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की सख्ती होनी चाहिए। खासकर एंबुलेंस और मरीजों को लाने वाले वाहनों के लिए रास्ता हमेशा खाली रहना चाहिए, ताकि किसी आपात स्थिति में देरी न हो।
-शशांक शेखर
