रायबरेली। बिजली चोरी रोकने और बकाया बिल की वसूली के लिए पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने शनिवार को कई इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 114 बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए।
टीम ने गदागंज, डीह, सलोन और जगतपुर में लोगों के बकाया बिलों की जांच की। इस दौरान 10 हजार से अधिक के बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। इसके साथ ही 210 बकायेदारों को बिल जमा करने की नोटिस दी गई। टीम ने पूर्व में काटे गए कनेक्शनों की जांच भी की। अधीक्षण अभियंता रामकुमार ने बताया कि बिजली कटौती से बचने के लिए लोगों को समय से बिल जमा करने के लिए जागरूक भी किया गया।
अब रायबरेली में बैठेंगे मुख्य अभियंता
रायबरेली। पावर कॉर्पोरेशन के मुख्य अभियंता अब जिले में बैठेंगे। अभी तक जिले के मुख्य अभियंता का कार्यालय लखनऊ में था। मालूम हो कि प्रदेश में पावर कॉर्पाेरेशन के जोन 25 से बढ़ाकर 40 कर दिए गए हैं। पहले लखनऊ जोन में उन्नाव, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर, गोला के साथ रायबरेली जनपद भी शामिल था। अब रायबरेली और उन्नाव जिले को मिला कर अलग जोन बनाया गया है। इस जोन के मुख्य अभियंता रायबरेली में बैठकर दोनों जिलों का कामकाज निपटाएंगे। इससे लोगों को बिजली संबंधी शिकायतों का निस्तारण कराने में आसानी होगी।
