Mahoba News: इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करने वाले युवक से मजाक को लेकर हुए विवाद में दुकानदार ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला।

अरबाज उर्फ हनी शेख की फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
महोबा में शहर के ऊदल चौक स्थित बीच बाजार में रविवार की दोपहर दो युवकों के बीच मजाक को लेकर हुए विवाद में बड़ी घटना हो गई। घड़ी दुकानदार ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करने वाले युवक को पीट-पीटकर मार डाला। घटना से आक्रोशित परिजनों और रिश्तेदारों ने जिला अस्पताल में कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही अपर एसपी सत्यम व सीओ दीपक दुबे ने आक्रोशित परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
शहर के जकरियापीर निवासी उवेश अहमद का बेटा अरबाज उर्फ हनी शेख (18) ऊदल चौक स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करता था। पास में ही एक युवक घड़ी की दुकान किए है। दोनों के बीच अक्सर मजाक होता रहता था। दोपहर करीब 12 बजे अरबाज और घड़ी दुकानदार के बीच मजाक को लेकर कहासुनी हो गई। जिस पर दोनों ने हाथापाई शुरू हो गई। घड़ी दुकानदार ने अरबाज को लात-घूसों से पीटना शुरू कर दी। इससे वह अचेत होकर गिर गया। गंभीर हालत में दुकानदार व आरोपी उसे जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने अरबाज को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर परिजनों और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगाने का प्रयास किया। अपर एसपी, सीओ व कोतवाल नरेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछतांछ शुरू कर दी है। अपर एसपी ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
