Mainpuri News: थाना बेवर क्षेत्र के गांव मधुपुरी में विवाहिता द्वारा ससुराल से नकदी और लाखों के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ससुर ने बहू पर पहली शादी और प्रेम प्रसंग की बात छिपाकर विवाह करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री पोर्टल समेत पुलिस के अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मधुपुरी निवासी मानसिंह के अनुसार, उन्होंने अपने पुत्र सनोज की शादी 16 जनवरी 2022 को कानपुर के थाना सचेंडी अंतर्गत गांव भौतीखेड़ा निवासी युवती से की थी। आरोप है कि बीती चार अक्तूबर की रात करीब 11:30 बजे दुल्हन घर में रखी दस हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेट कर फरार हो गई।
अगले दिन जब सनोज अपनी ससुराल पहुंचा, तो पत्नी वहां नहीं मिली और ससुर व साले ने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पीड़ित मानसिंह ने जब कानपुर में छानबीन की, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। पता चला कि दुल्हन की पहली शादी जबलपुर में हुई थी। वहां से मायके लौटने के बाद वह गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग में चली गई थी, जिसका मुकदमा भी कानपुर थाने में दर्ज है।
