Mainpuri News: थाना क्षेत्र के गांव जिरौली के समीप राधास्वामी सत्संग व्यास के सामने शनिवार की शाम दो बाइक में भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। बाइक सवार एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। बेवर थाना क्षेत्र के गांव दौदापुर निवासी 32 वर्षीय सत्यपाल सिंह पुत्र आसाराम बिछवां थाना क्षेत्र के गांव दलीपपुर कैलई में बहन की नातिन हिमांशी पुत्री गुड्डू के जन्मदिन पर गए थे। जन्मदिन पर गांव से गिफ्ट लेने के लिए वह बिछवां में जा रहे थे।
तभी सामने से आ रही एक बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सत्यपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ बाइक पर सवार अनिल कुमार मामूली रूप से घायल हुए। सत्यपाल को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। जन्मदिन वाले घर में भी सारी तैयारियां धरी रह गईं। सत्यपाल चंडीगढ़ में रहकर ट्रक चलाते थे। वह कुछ दिन पहले ही गांव आया था। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
