मऊ। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट छांगुर राम ने 16 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने व धमकी देने के मामले में नामजद दो दोषियों में से दुर्गा को दोषी पाया। दोषी पाए जाने के बाद उसे 20 वर्ष के कारावास की सजा के साथ ही कुल 41 हजार रुपये जुर्माना लगाया।
अर्थदंड न देने पर दो वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। वहीं अर्थदंड जमा हो जाने पर 75 प्रतिशत धनराशि पीड़िता को देने का आदेश दिया। वहीं दूसरा दोषी नाबालिग होने के चलते उसकी पत्रावली किशोर न्याय बोर्ड भेज दी गई। मामला रानीपुर थाना क्षेत्र का है।
अभियोजन के अनुसार वादी मुकदमा की 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ 2 जून 20 को आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया तथा उसे धमकी दिया। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर बाद विवेचना रानीपुर थाना क्षेत्र के पिरुवां गांव निवासी दुर्गा व एक किशोर के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया।
न्यायालय में अभियोजन की ओर से पैरवी करते हुए विशेष लोक अभियोजक ने 7 गवाहों को न्यायालय में पेश कर अभियोजन का पक्ष रखा। बचाव पक्ष से कहा गया कि उसे झूठा फंसाया गया है।
विशेष न्यायाधीश ने दोनों पक्षों के तर्कों को सुनने तथा पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद आरोपी दुर्गा को सामूहिक दुष्कर्म व धमकी देने के मामले में दोषी पाया। दोषी पाए जाने के बाद उसे पॉक्सो एक्ट के तहत 20 वर्ष की सजा के साथ ही 20 हजार रुपये अर्थदंड लगाया।
वहीं सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 20 वर्ष की सजा के साथ ही 20 हजार रुपये अर्थदंड लगाया। तथा धमकी देने के मामले में 1 वर्ष की सजा के साथ ही एक हजार रुपये अर्थदंड लगाया। अर्थदंड न देने पर दो माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। एक किशोर के नाबालिग होने के चलते उसकी पत्रावली किशोर न्याय बोर्ड भेज दी गई थी।
