सक्तेशगढ़। चुनार थाना क्षेत्र के बरगवां गांव में मंगलवार रात बरातियों को उतारकर लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर एक मकान से टकरा गई। हादसे में बोलेरो चालक संतोष कुमार यादव (22) की मौत हो गई।

टक्कर से बोलेरो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पड़री थाना क्षेत्र के थानापुर गांव से राममूरत विश्वकर्मा के पुत्र ओमकार विश्वकर्मा की बरात मंगलवार को चुनार के बरगवां गांव गई थी। गांव निवासी संतोष कुमार यादव बोलेरो से बरातियों को लेकर रात करीब आठ बजे बरगवां पहुंचा था।

बरातियों को उतारने के बाद वह बोलेरो लेकर नूनौटी की तरफ गया। वहां से लौटते समय रास्ते में मोड़ पर बोलेरो अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार से टकरा गई।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने वाहन में फंसे चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पाकर सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी महेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

राधेश्याम ने बताया कि उनका बेटा संतोष गांव के ही एक व्यक्ति की बोलेरो चलाता था।

बरात में गई बोलेरो मकान से टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। अपराध निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वाहन तेज गति में था। मोड़ पर चालक नियंत्रण नहीं कर सका और बोलेरो दीवार से टकरा गई, जिससेउसकी मौत हो गई।



Source link