झांसी। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से झांसी समेत बुंदेलखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 29 जुलाई से एक अगस्त तक अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। यदि अनुमान सही रहा तो लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और दिन के तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पिछले कुछ दिनों से मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने के कारण जिले में उमस और गर्मी का असर बढ़ गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था। हालात ऐसे रहे कि कूलर, पंखे और एसी से बाहर निकलते ही लोग उमस से परेशान हो गए।

कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून को मजबूती मिलेगी। सोमवार और मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 29 जुलाई से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और एक अगस्त तक अच्छी वर्षा होने के आसार हैं।

अब तक सामान्य से 52 प्रतिशत कम बारिश

जिले में मानसूनी सीजन की शुरुआत से अब तक सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। एक जून से 26 जुलाई तक जिले में सामान्य औसत वर्षा 295.8 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 140.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। यानी जनपद में अब तक सामान्य से 52 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

बारिश क्यों है अहम

आगामी दिनों में अच्छी बारिश होने पर खरीफ फसलों को राहत मिलेगी। साथ ही, पिछले दिनों अपेक्षित स्तर तक नहीं भर पाए बांधों और जलाशयों के जलस्तर में भी सुधार होने की उम्मीद है। इससे सिंचाई और पेयजल व्यवस्था पर बना दबाव कम हो सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *