कांठ। बहन के घर बाइक से जा रहे युवक को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव मिलक मोहब्बतपुर निवासी अरमान (20) बुधवार सुबह बाइक से गांव शाहपुर आधमपुर अपनी बहन के घर जा रहा था। गांव अलीपुरा खालसा मार्ग स्थित गन्ना क्रय केंद्र से आगे सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ट्रैक्टर सहित मौके से भाग गया।
इधर, हादसे में अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ भिजवाया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। जहां कुछ देर के बाद ही इलाज के दौरान अरमान की मौत हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक छजलैट राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई इमरान की तहरीर पर अलीपुरा खालसा निवासी ट्रैक्टर चालक आकाश शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
इधर, युवक की मौत से उसके भाई नासिर, गुलाम नवी, इमरान मां भूरी सहित सभी परिजन रो-रो कर बेहाल थे। परिजनों के अनुसार अरमान अभी अविवाहित था।
