सहारनपुर। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष घनश्याम सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफ भुगतान समेत अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को आयुक्त एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों के साथ ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा की वार्ता हुई थी। इसमें समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया था। निर्धारित समय बीतने के बावजूद शासन की ओर से न तो कोई निर्णय लिया गया और न ही आधिकारिक घोषणा की गई। इससे प्रदेशभर के हजारों ग्राम रोजगार सेवकों में नाराजगी है। 23 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान प्रदेश के सभी ग्राम रोजगार सेवक कार्य बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराएंगे।

मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने और ईपीएफ भुगतान सहित अन्य विभागीय समस्याओं का निस्तारण भी किया जाना चाहिए। यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 27 नवंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। मांगों का समाधान नहीं होने पर तीन दिसंबर को प्रदेशभर के हजारों ग्राम रोजगार सेवक विधानसभा लखनऊ का घेराव करेंगे। इस दौरान तमकीन, सतीश, रविंद्र राणा, उमेश कुमार, रजनीश कुमार, सोमपाल सिंह, अमृता कुमारी, विकाश कुमार, संदीप आदि मौजूद रहे।



Source link