कांठ। बुखार पीड़ित ग्रामीण की मेरठ के अस्पताल में मौत हो जाने के बाद शनिवार का आनन-फानन में दौड़े स्वास्थ्य विभाग ने गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए इन्हें दवाइयां उपलब्ध कराईं। इस दौरान बुखार से पीड़ित अधिक रोगी रहे।
विकास खंड छजलैट और कांठ तहसील क्षेत्र के गांव जस्सू नंगला निवासी ग्रामीण को कई दिन पहले बुखार की शिकायत हुई थी। जिस पर परिजनों ने उसका मुरादाबाद सहित कई जगह इलाज भी कराया। लेकिन स्वास्थ्य लाभ न होने पर वह उसे 18 नवंबर को मेरठ ले गए थे और यहां एक निजी अस्पताल में ग्रामीण को भर्ती कराया था। जहां शुक्रवार को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। जब इसकी जानकारी स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग को हुई तो हड़कंप मच गया।
अधिकारियों ने शनिवार को आनन-फानन गांव में पहुंचकर स्वास्थ्य कैंप लगाया। जिसमें 40 से अधिक रोगियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। इस दौरान सबसे अधिक बुखार से पीड़ित रोगी रहे। इसी के साथ ग्रामीणों की डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड की जांचें भी कराई गईं, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई।
इधर डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने भी गांव पहुंचकर कैंप का निरीक्षण किया और जरूरी दिशा निर्देश दिए। वहीं दूसरी ओर गांव में एंटी लार्वा व कीटनाशकों का छिड़काव कराते हुए सफाई अभियान चलवाया गया। साथ ही डोर-टू-डोर सर्वे भी किया गया। रविवार को भी इस गांव में स्वास्थ्य कैंप आयोजित होगा।
