
काशी विश्वनाथ धाम में ललित उपाध्याय
– फोटो : मंदिर प्रशासन
विस्तार
पेरिस ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाले ओलंपियन ललित उपाध्याय रविवार को दोपहर में वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान काशी के स्पोर्ट्स खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। लोगों ने ललित के काफिले पर फूलों की बारिश की। बच्चों ने हाथ में तिरंगा लेकर रास्ते भर ओलंपियन ललित का अभिनंदन किया।
ओलंपियन ललित उपाध्याय ने अपने मां के माथे पर मेडल लगाया। मां खुशी से झूम उठीं। सड़क पर काफिले के साथ सैकड़ों की संख्या में लोग स्वागत को बेकरार दिखे। मां से मिलने के बाद ललित बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए।

उन्होंने बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचकर पदक बाबा को अर्पित करते हुए दर्शन – पूजन किया। इसके बाद अपने घर पहुंचे। यहां बहनों ने आरती उतारी और भाई की जीत का जश्न मनाया।

ललित का स्वागत हॉकी वाराणसी के पदाधिकारी ने किया। एयरपोर्ट से विजय जुलूस की शक्ल में उनका काफिला काशी विश्वनाथ धाम रवाना हुआ। यहां मत्था टेकने के साथ देवाधिदेव महादेव को पदक अर्पित करेंगे। इसके बाद वे अपने गांव भगत्तपुर जाकर आपने माता-पिता से आशीर्वाद लेंगे।
ओलंपिक में लगातार दो कांस्य पदक जीतने वाले वे प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि ललित एयर इंडिया के विमान एआई 406 से दिल्ली से सुबह 10.40 पर रवाना होकर 11.45 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे।

ओलंपियन का बाबतपुर से शिवपुर के बीच जगह जगह स्वागत किया जाएगा। स्कूली बच्चे और जूनियर खिलाड़ी मानव श्रृंखला बना कर ललित का अभिनंदन करेंगे।
