उरई जिले में कोतवाली पुलिस ने संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई करते हुए चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा कर एक शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 27 मई को संतोष गुप्ता ने कोतवाली उरई में तहरीर देकर बताया था कि उनकी माता सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया था।
घटना के संबंध में कोतवाली उरई में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी करमेर रोड के संपर्क मार्ग पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग के दौरान तुफैलपुरवा, इंद्रानगर, उरई निवासी शाहरुख के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
