पीलीभीत। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर नफरत फैलाने, महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने और फर्जी एआई कंटेंट पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने दिल्ली के उत्तरी पश्चिम जिले के गोपालपुर पुश्ता निवासी अशोक कुमार उर्फ अशोक बाबा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी से वरिष्ठ राजनेताओं के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है। पुलिस साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया अकाउंट और संबंधित पोस्ट की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के जिला जजी निवासी एडवोकेट नंद किशोर गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिल्ली के उत्तरी पश्चिम जिले के गोपालपुर पुश्ता निवासी अशोक कुमार उर्फ अशोक बाबा की इंस्टाग्राम आईडी से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट डाले जा रहे हैं। आरोप है कि इन पोस्ट के माध्यम से समाज में नफरत फैलाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। एक महिला को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की बात तहरीर में कही गई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।