पुलिस लाइन मैदान पर बुधवार को उत्तर प्रदेश और बिहार के दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। घुंघरू वाली गेंद की आवाज का अंदाजा लगाकर खिलाड़ियों ने चौके-छक्के लगाए।
ऑल इंडिया कन्फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड (एआईसीबी) के संयोजन में पुलिस लाइन ग्राउंड पर क्रिकेट और फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ डेनमार्क के थॉमस स्किल्बो, इथियोपिया के अपेरा रेता, विदासे इंडाले, क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव ने किया।
टॉस जीतकर बिहार की टीम ने क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय किया। बल्लेबाजी करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने 20 ओवर में 09 विकेट खोकर 180 रन बनाए। विक्रम सेन ने नाबाद 99 रन बनाए। बिहार की ओर से रोशन ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की टीम 17.5 ओवर में 03 विकेट खोकर 07 विकेट से मैच जीत लिया। गौतम कुमार ने 68 और विक्की ने नाबाद 56 रन बनाए। गौतम कुमार को मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।
फुटबॉल में भी बिहार ने यूपी को दी मात
वहीं, फुटबॉल प्रतियोगिता में बिहार की ओर से रोहित ने 02, विक्की और बालकरन ने 01- 01 गोल कर 4.0 अंक से उत्तर प्रदेश को शिकस्त दी। प्लेयर ऑफ द मैच रोहित चुने गए। सीडीओ डॉ.राम मोहन मीना और जिला दिव्यांग सशक्तीकरण अधिकारी कमलेश कुमार वर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
एआईसीबी की सचिव मंजुला रथ ने अतिथियों का स्वागत और प्रोजेक्ट ऑफिसर सुरेश चतुर्वेदी ने आभार व्यक्त किया। संचालन अफीफा नासिर ने किया। एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड ने मार्च पास्ट कर अतिथियों और खिलाड़ियों को सलामी दी।
राहुल शर्मा ने अंग्रेजी और दीपक ने हिंदी में कमेंट्री जबकि विपिन और अभिषेक चौहान ने अंपायरिंग की। इस अवसर पर केपी कॉलेज के प्रधानाचार्य आदित्य सिंह, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य गीता,भाजपा जिला प्रवक्ता राघवेंद्र शुक्ला, डॉ.विंध्याचल सिंह,डॉ.मो.अनीस, क्रिकेट कोच आदित्य शुक्ल,मो.शफीक, सचिन शुक्ल, राकेश सिंह,डॉ.अनूप सिंह,प्रमोद तिवारी आदि मौजूद रहे।
