रामपुरा। चार माह की गर्भवती का शव फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

रामपुरा थाना क्षेत्र के सिलऊवा बुजुर्ग गांव निवासी मनोज कुमार जाटव की पत्नी मुस्कान (25) का शव शनिवार की रात फंदे पर लटका मिला। जानकारी पर पहुंचे झांसी जिले के समथर थाना क्षेत्र के ग्राम धींगपुरा निवासी अनिल कुमार जाटव ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री मुस्कान की शादी ग्राम सिलऊवा बुजुर्ग निवासी मनोज कुमार जाटव के साथ की थी। बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति मनोज, ससुर सुरेश, सास अन्नपूर्णा और ननद प्रियंका दहेज में नकदी और बाइक की मांग करने लगे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर मुस्कान को लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों ने कई बार समझौते के प्रयास किए, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। मुस्कान की दो वर्षीय पुत्री है और वह गर्भवती भी थी। परिजनों का आरोप है कि 13 जून को ससुराल पक्ष के लोगों ने मुस्कान के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को फंदे पर लटका दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ माधौगढ़ अंबुज यादव ने बताया कि महिला का शव फंदे पर लटका मिला था। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *