माधौगढ़। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित दीपाली ज्वैलर्स में शनिवार देर रात चोरी का प्रयास किया गया। बदमाशों ने वारदात से पहले दुकान और आसपास लगे तीन सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा शटर के ताले काटकर अंदर घुसने की कोशिश की। इसी दौरान पास की दुकान के ऊपर सो रहे एक दुकानदार की नजर पड़ गई, जिसके शोर मचाने पर चोर मौके से भाग गए।
कोतवाली क्षेत्र के बस स्टैंड और पुलिस पिंक बूथ से करीब 50 मीटर दूर स्थित दीपाली ज्वैलर्स को निशाना बनाते हुए चोरों ने पहले बगल में स्थित विनय सिंह रेडीमेड की दुकान का सीसीटीवी कैमरा तोड़ा। इसके बाद ज्वैलर्स की दुकान में लगे दो अन्य कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। बदमाश शटर के ताले काट रहे थे तभी पड़ोसी दुकानदार राहुल गुप्ता की आंख खुल गई। उन्होंने संदिग्ध गतिविधि देखकर शोर मचाया और अन्य दुकानदारों को सूचना दी, जिससे चोर भाग निकले।
सूचना पर दुकानदार सोनू सोनी, अवधेश सिंह और बस स्टैंड पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर टूटे कैमरे और कटे ताले मिलने से चोरी के प्रयास की पुष्टि हुई। दीपाली ज्वैलर्स के संचालक केशव सोनी ने बताया कि पड़ोसी दुकानदार की सतर्कता के चलते बड़ी चोरी होने से बच गई।
कोतवाली प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में 5 से 6 संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले भी बन चुकी है ज्वैलर्स दुकान निशाना
दीपाली ज्वैलर्स में इससे पहले वर्ष 2013-14 में भी चोरी हो चुकी है। उस समय चोर करीब सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ले गए थे। वहीं वर्ष 2017-18 में बगल स्थित मंशापूर्ण ज्वैलर्स से भी लगभग दो लाख रुपये के आभूषण चोरी हुए थे, जिसका खुलासा आज तक नहीं हो सका।
