लालगंज। क्षेत्र के पूरे अजबी मजरे ऐहार गांव में रविवार को रंजिश में चार लोगों ने एक महिला और उसकी दो बेटियों की पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी सुमन देवी पत्नी रामविलास ने बताया कि पूरे बदई मजरे मदुकरपुर निवासी रामप्रताप, कमला, इंद्रेश और प्रीती रविवार शाम को उनके घर पहुंचे। आरोप है कि गालीगलौज करते हुए चारों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव करने पहुंची उनकी बेटी लक्ष्मी और दूसरी बेटी को भी पीटा। महिला ने आरोपियों पर जमीन पर गिराकर पीटने का आरोप लगाया है। सीओ सुजीत राय ने बताया कि महिला की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
