जागरण संवाददाता, फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार सुबह काशीराम कालोनी, तिराहा नउवाबाग के समीप धुंध में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में तीनों दोस्त सड़क पर गिरे और ट्रक के पहिए के नीचे आने से करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

युवकों के शरीर से हाथ, धड़ व मांस के कई टुकड़े सड़क पर फैल गए। जिससे अनुमान है कि ट्रक से हादसे के बाद कई वाहन भी शवों के ऊपर से गुजरते हुए निकल गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटनास्थल पर हेलमेट टूटा हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घनी धुंध और तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस ट्रक की तलाश कर रही है।

चित्रांशनगर महमूदपुर निवासी चकबंदी विभाग में ड्राफ्टमैन के पद पर कार्यरत रामनरेश गौतम का 19 वर्षीय पुत्र स्पर्श गौतम ठा. युगराज सिंह महाविद्यालय से बीए-एलएलबी का छात्र था। प्रतिदिन वह राधानगर के विष्णुपुरी कालोनी निवासी सीआरपीएफ एसआइ धर्मपाल (चंदौली में कार्यरत) के 19 वर्षीय पुत्र अनुज पाल के साथ राधानगर स्थित जिम सेंटर जाते थे।

सोमवार सुबह पांच बजे स्पर्श घर से बाइक लेकर दोस्त अनुज पाल के यहां गया, वहां से उसे लेकर ताबेंश्वर पुरम निवासी फार्मासिस्ट कुलदीप पटेल (लालगंज में कार्यरत) के 20 वर्षीय पुत्र विश्वेष उर्फ विशेष पटेल से मिलने गया। यहां से उक्त तीनों दोस्त बाइक से नउवाबाग होते हुए प्रयागराज की ओर जा रहे थे कि हाईवे पर काशीराम कालोनी तिराहा के समीप पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने इन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में तीनों दोस्त सड़क पर गिर गए और ट्रक के पहिए में फंसकर घिसटते चले गए, जिससे तीनों की कुचलकर मौत हो गई। तीनों के शव पांच-पांच मीटर की दूरी पर मिले। तीनों के शरीर का मांस कई टुकड़ों में सड़क पर फैल गया। अनुज पाल ठा. युगराज सिंह महाविद्यालय में बीफार्मा का कोर्स कर रहा था जबकि विश्वेष मेरठ स्थित कृषि महाविद्यालय में बायोटेक्नोलाजी से बीटेक कर रहा था। हादसे की खबर मिलते ही स्वजन बेहाल रहे।

इंस्पेक्टर हेमंत मिश्रा ने बताया कि कानपुर से प्रयागराज जाते समय ट्रक बाइक सवारों को पीछे से कुचलते हुए निकल गया, जिससे बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हो गई। घटनास्थल पर कई टुकड़ों में बंटा हेलमेट मिला है। सीसीटीवी कैमरे के जरिए ट्रक का पता किया जा रहा है। कोहरे में वाहनों की स्पीड धीमी रहती है।



Source link